*-इक़बाल हिंदुस्तानी*
फिल्म अभिनेत्री दीया मिर्ज़ा ने दिवाली पर पटाख़ों से होने वाले प्रदूषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिये बीएमसी यानी बृहनमुंबई नगर निगम के लिये एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो को मुंबई भाजपा प्रमुख अमित सातम के विरोध और मुंबई मेयर रितु तावड़े के दीया को हिंदू विरोधी बताने के बाद बीएमसी के सोशल मीडिया एकाउंट से हटा दिया गया था। जबकि अन्य मशहूर लोगों के ऐसे ही वीडियो वहां अपलोड रखे गये। लेकिन बाद में मुंबई हाईकोर्ट द्वारा इस मामले का संज्ञान लिये जाने और बीएमसी को फटकार लगाने के बाद कड़ी नाराज़गी जताने पर यह वीडियो फिर से अपलोड कर दिया गया। हाईकोर्ट ने निगम के इस क़दम पर सवाल उठाया कि क्या हमारा देश सेक्युलर नहीं रहा? हाईकोर्ट इस मामले में इसलिये भी सख़्त था क्योंकि खुद उसने ही बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के खिलाफ ऐसे शिक्षाप्रद और जनचेतना के वीडियो बनाने की जानी मानी हस्तियों से अपील की थी। यह अजीब बात रही कि खुद बीएमसी ने मुंबई में बढ़ते वायू प्रदूषण को देखते हुए दिवाली पर लोगों से पटाखे़ नहीं जलाने की पहले अपील की और जब दीया मिर्ज़ा ने इस मिशन को आगे बढ़ाते हुए प्रेरणास्पद वीडियो बनाकर जनहित की इस मुहिम में योगदान दिया तो बजाये उसे सराहने और अभिनेत्री का बचाव करने के वह संकीर्ण नेताओं के बयानों के दबाव में आ गई। भाजपा मुंबई अध्यक्ष ने मुसलमानों के लिये अपनी पार्टी की नफ़रत और पक्षपात का परिचय देते हुए यहां तक कह दिया कि हिंदू दिवाली कैसे मनायें यह दीया मिर्ज़ा से सीखने की ज़रूरत नहीं है। एनडीए के घटक से केंद्र में मंत्री रामदास आठवले और एक और भाजपा नेता श्रीकांत ने एक क़दम आगे बढ़ते हुए यह भी कहा कि दीया क्योंकि दूसरे धर्म से आती हैं तो उनको दीपावली के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है और उनको अपने धर्म और त्यौहारों पर भी बात करनी चाहिये। इनसे पूछा जाना चाहिए दिवाली जब हज़ारों साल पहले मनाई जानी शुरू हुई तो उसमें पटाखों का इस्तेमाल कहां होता था।
सवाल यह है कि जो भाजपा सबका साथ सबका विकास का दावा करती है उसको एक मुस्लिम अभिनेत्री के प्रदूषण के खिलाफ बनाये गये एक सकारात्मक रचनात्मक और सीख देने वाले वीडियो पर भी इसलिये आपत्ति है कि वह जिस मुद्दे पर बोल रही है वह हिंदुओं के त्यौहार दिवाली से जुड़ा है? क्या दीया मिर्ज़ा एक मुस्लिम के साथ ही नागरिक नहीं है? क्या वह भारतीय नहीं है? क्या दुनिया के दूसरे देश भी भारत या अन्य देशों के कारण होने वाले प्रदूषण के खिलाफ इसलिये नहीं बोल सकते कि यह भारत का अंदरूनी मामला है? जब किसी भी कारण से वातावरण प्रदूषित होता है तो क्या उससे वे लोग ही प्रभावित होते हैं जिन्होंने अपने त्यौहार पर वह प्रदूषण किया होता है? क्या हम एक संयुक्त समाज का हिस्सा नहीं हैं जिससे किसी की भी गल्ती नादानी और भूल से वातावरण को नुकसान पहुंचने पर पूरे समाज पूरे देश और यहां तक कि कई मामलों में पूरी दुनिया को उसकी कीमत चुकानी होती है? मिसाल के तौर पर ओज़ोन परत का मामला भी देखा जा सकता है। क्या आज के ग्लोबल विलेज के दौर में पूरी दुनिया एक गांव जैसी नहीं बन गयी है? अगर ऐसा नहीं होता तो विकासशील देश विकसित देशों से बार बार प्रदूषण कम करने की अपील क्यों करते? पिछले दिनों नेपाल अपने देश में आये पानी के सैलाब पर पर्यावरण संतुलन बिगाड़ने के लिए दुनिया के कई बड़े मुल्कों से मुआवज़ा क्यों मांगता? यहां तक कि ईरान के परमाणु बम का हव्वा दिखाकर अमेरिका और इज़राइल किस हक से ईरान में रिजीम चेंज करने के नाम पर हमला करने गये थे? उनको पूरी दुनिया का दारोगा बनने का ठेका किसने दिया है?
अगर दीया मिर्ज़ा को केवल मुस्लिम होने की वजह से भाजपा और एनडीए नेता दिवाली हिंदू पर्व होने के कारण बोलने यानी जागरूकता फैलाने का अधिकार भी नहीं देना चाहते तो उनसे पूछा जाना चाहिये कि वे फिर किस मुंह से मुसलमानों से ईद उल जु़हा पर जानवरों की कुर्बानी नहीं देने की बात करते हैं? बीजेपी सरकारें उनके पर्सनल लाॅ को खत्म कर क्यों काॅमन सिविल कोड लागू करती जा रही हैं? क्योंकि यह तो उनका अंदरूनी यानी धर्म का मामला है जिसकी इजाज़त उनको संविधान ने भी शरीयत पर चलने की दी है। हालांकि सामाजिक सुधार लैंगिक समानता और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए बिना पक्षपात की नीयत के यह किया जाता तो बुरा नहीं था। श्रावण मास में मांस के लाने ले जाने बेचने और खाने पर एक माह को बीजेपी सरकार रोक किस कानून के आधार पर लगा देती है? एक महीने तक इस कारोबार से जुड़े लोग क्या वैकल्पिक रोज़गार करेंगे? कई बार गोरक्षा के नाम पर गुंडे जिस मुसलमान की मोब लिंचिंग करते हैं उल्टा उसी के खिलाफ मुकदमा लिख दिया जाता है? ऐसे ही यह भी सवाल है कि मदरसों में क्या पढ़ाया जायेगा यह बीजेपी सरकारें क्यों तय कर रही हैं? अगर कांवड़ यात्रा के लिये पूरे एक माह सड़कों को बंद किया जाता है तो दस मिनट की नमाज़ मुसलमान क्यों नहीं सड़कों पर पढ़ सकते? इससे गैर मुस्लिम लोगों का क्या नुकसान होता है? ऐसे ही वक्फ़ बोर्ड की सम्पत्तियां जो खुद मुसलमान ही दान करते हैं उनको बीजेपी सरकार क्यों नियंत्रित करने के लिये बोर्ड में हिंदुओं को शामिल करके कानून बना रही है? गाय और गांगा को लेकर मुसलमानों पर एकतरफा पक्षपातपूर्ण और पूर्वाग्रह के आधार पर कानूनी कार्यवाही क्यों की जाती है? कुछ कट्टर मुस्लिम भी यह पूछ सकते हैं कि उनके लिए तो गाय एक जानवर और गंगा एक नदी है, वे क्यों कानून के ज़रिए हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान करने के लिए मजबूर किए जा रहे हैं? क्या भारत बिना संविधान बदले बिना कोई कानून बनाए और बिना अधिसूचना जारी किए अघोषित हिंदू राष्ट्र बन चुका है? जहां हर धर्म के नागरिकों के अधिकार अब बराबर नहीं रह गए हैं? नदियों में हर साल बड़े पैमाने पर मूर्तियां विसर्जित कर और लाशों को बहाकर जो जल प्रदूषण किया जाता है उसका खामियाज़ा गैर हिंदू नागरिक क्यों भुगतें? होली के दिन रंग खेलने के दौरान जो लोग ज़बरदस्ती उन लोगों को भी रंग देते हैं या शराब के नशे में हिंसा और अभद्र व्यवहार करते हैं जो लोग रंग नहीं खेलते उसका जवाब कौन देगा? तमाम शोभायात्राओं के दौरान मुस्लिम मुहल्लों और मस्जिदों के सामने से गुज़रते हुए जो उकसाने वाली नारेबाज़ी गाली गलौच और उनके घरों व धार्मिक स्थलों में जबरन घुसकर भगवा झंडा फहराया जाता है उसका हिसाब कौन देगा? मस्जिदों की अज़ानों को ध्वनि प्रदूषण या बिना अनुमति लाउड स्पीकर के नाम पर आयेदिन अन्य धर्मों के भी चंद स्थलों के साथ कार्यवाही करके जो रोका जा रहा है वह न्याय है? कानून के समक्ष समानता का व्यहार है? सपा नेता आज़म खां और छात्र नेता उमर खालिद व शरजील इमाम के साथ सरकार जो जानबूझकर फर्जी मुकदमों में फंसाने और कोर्ट को ज़मानत नहीं देने की रोज़ नई दलील सरकारी वकीलों से दिलाकर जेल में लंबे समय से बंद रखे है वह संविधान के अनुसार है? क्या देश में सरकार कानून और पुलिस धर्म के हिसाब से अलग अलग काम करने लगे है? गरीब अमीर कमज़ोर ताकतवर और जाति के आधार पर पक्षपात तो पहले से ही चला आ रहा है।
(लेखक तर्कशील समाज अख़बार के संपादक हैं)
No comments:
Post a Comment